गाजियाबाद में शुक्रवार शाम यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष आसिफ सैफी पर जानलेवा हमला होने का मामला सामने आया है। कार सवार कुछ युवकों ने उन पर बेसबॉल बैट और डंडों से हमला कर दिया, जिसमें वह घायल हो गए। हमले में उनकी कार को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के मुताबिक, आसिफ सैफी गोविंदपुरम स्थित गौड़ सोसायटी के निवासी हैं। शुक्रवार शाम वह पुराने बस अड्डे के पास स्थित अपने कार्यालय से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह संजयनगर के एलटी चौक के पास पहुंचे, तभी दो कारों में सवार युवकों ने उनकी गाड़ी को साइड से टक्कर मार दी।
सैफी ने जब इसका विरोध किया तो आरोप है कि एक कार से तीन युवक बाहर आए और उन्होंने बेसबॉल बैट से उनकी कार पर हमला शुरू कर दिया। इसके बाद हमलावरों ने सैफी पर भी वार किया, जिससे उनके सिर में चोट आई और वह लहूलुहान हो गए। हमलावरों ने डंडों और बैट से कार को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना के दौरान आसपास लोगों की भीड़ जुटने लगी, जिसे देख हमलावर मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर मधुबन बापूधाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सैफी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
पीड़ित की ओर से तीन आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।