गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया है। यात्रा मार्ग पर किसी भी तरह की चूक से बचने के लिए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं।

सोमवार को गंगोत्री धाम में बम निरोधक दस्ते (BDS) ने व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान मंदिर परिसर, स्नान घाट, पार्किंग क्षेत्र, प्रतीक्षालय और आसपास के संवेदनशील स्थानों पर बारीकी से जांच की गई।

टीम ने मेटल डिटेक्टर और अन्य आधुनिक उपकरणों की मदद से हर संभावित खतरे की जांच की, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित की जा सके। इसके साथ ही पूरे रूट और प्रमुख पड़ावों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।

प्रशासन द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है। धाम क्षेत्र में पुलिस के साथ-साथ एटीएस, बीडीएस, आपदा प्रबंधन दल और खुफिया इकाइयों की तैनाती की गई है।

पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर स्तर पर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।