अलीगढ़ में लगातार बढ़ती गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए अहम फैसला लिया है। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने जिले के सभी स्कूलों में 30 मई तक अवकाश घोषित कर दिया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से 27 मई 2026 से लागू कर दिया गया है।

पांच दिन बंद रहेंगे स्कूल

प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार 27 मई से 30 मई तक सभी स्कूल बंद रहेंगे। वहीं 31 मई को रविवार होने के कारण छात्रों को लगातार पांच दिनों की छुट्टी मिलेगी।

सभी बोर्डों के स्कूलों पर लागू आदेश

जिलाधिकारी के निर्देश सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर लागू होंगे। इसमें सीबीएसई, आईसीएसई, यूपी बोर्ड समेत अन्य सभी बोर्डों के कक्षा 1 से 12 तक के स्कूल शामिल हैं।

अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

डीएम अविनाश कुमार ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों, खंड शिक्षा अधिकारियों और स्कूल प्रबंधन को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि आदेश की अनदेखी कर स्कूल संचालित करने वाले संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

गर्मी और लू को देखते हुए फैसला

जिले में पिछले कुछ दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा है और दिन के समय लू चलने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है।