बरेली के किला थाना क्षेत्र के मलूकपुर इलाके में घरेलू विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। 58 वर्षीय अनुपम रस्तोगी ने कथित पारिवारिक कलह से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई। परिजनों ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।

परिजनों के अनुसार, घर में लंबे समय से संपत्ति और मकान को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि अनुपम रस्तोगी के छोटे बेटे और बहू मकान पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे, जिस कारण परिवार में अक्सर झगड़े होते रहते थे। यह भी आरोप लगाया गया है कि पहले भी मारपीट की घटनाएं हो चुकी थीं, जिसकी शिकायत किला थाने में की गई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

बताया जा रहा है कि बुधवार को एक बार फिर विवाद बढ़ गया। इसी दौरान झगड़े के बीच बहू द्वारा मारपीट किए जाने से आहत होकर अनुपम रस्तोगी ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए।

घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कथित रूप से मारपीट की बात सामने आ रही है। वीडियो और शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपी बेटे और बहू के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।