भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने उत्तराखंड दौरे के दौरान संतों और शिक्षाविदों से भी संवाद करेंगे। तीन दिवसीय इस दौरे में वे प्रदेश नेतृत्व से लेकर पंचायत स्तर तक के कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने का संदेश देंगे।

नितिन नवीन 28 मई को दोपहर बाद देहरादून पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय तक उनके स्वागत की तैयारियां की गई हैं, हालांकि मौजूदा ऊर्जा संकट को देखते हुए इस बार वाहनों की संख्या सीमित रखी जाएगी और कोई रोड शो नहीं होगा।

दौरे के पहले दिन वे कोर कमेटी की बैठक में हिस्सा लेंगे और इसके बाद राज्य सरकार के मंत्रियों के साथ भी चर्चा करेंगे। 29 मई को सांसदों और विधायकों की संयुक्त बैठक होगी, जिसमें मंत्री भी बतौर विधायक शामिल रहेंगे।

इस दौरे की खास बात यह है कि पार्टी संगठन में बूथ स्तर की भूमिका पर विशेष फोकस रहेगा। नितिन नवीन डाकरा क्षेत्र में एक बूथ अध्यक्ष के घर भोजन करेंगे और वहीं स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी करेंगे। उनका उद्देश्य संगठन की जमीनी संरचना को और मजबूत करना है।

प्रदेश पदाधिकारियों से लेकर पंचायत प्रतिनिधियों तक संवाद के जरिए वे यह संदेश देंगे कि आगामी चुनावों में संगठन की रणनीति को एकजुट होकर लागू किया जाए।

नए कार्यक्रम जुड़े

दौरे में दो अतिरिक्त कार्यक्रम भी शामिल किए गए हैं। 29 मई की शाम को वे ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन में गंगा आरती में शामिल होंगे, जहां उनका संत समाज से भी संवाद होगा। इस बैठक में ऋषिकेश और हरिद्वार क्षेत्र के संत शामिल रहेंगे।

इसके अलावा 30 मई को सुबह 11 बजे वे शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित ‘विकसित भारत 2047 में उच्च शिक्षा की भूमिका’ विषय पर कॉन्क्लेव में भाग लेंगे। इसी अवसर पर वे कॉलेज के ऑडिटोरियम का उद्घाटन भी करेंगे।