भागलपुर में छठ की तैयारी के बीच हादसा: गंगा में डूबे चार बच्चे, पूरे गांव में मातम

लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियों के बीच बिहार के भागलपुर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। नवगछिया अनुमंडल के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के नवटोलिया गांव में छठ घाट तैयार करते समय गंगा नदी में डूबने से चार बच्चों की मौत हो गई। इस हृदयविदारक हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर गांव के कुछ बच्चे गंगा किनारे छठ घाट की सफाई और सजावट कर रहे थे। इसी दौरान चारों बच्चे नदी में स्नान करने लगे। स्नान के दौरान एक बच्चा गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने की कोशिश में बाकी तीनों बच्चे भी नदी की तेज धारा में बह गए और देखते ही देखते चारों लापता हो गए।
स्थानीय लोगों ने शोर सुनकर गोताखोरों की मदद से बच्चों की तलाश शुरू की और सभी को बाहर निकालकर इस्माइलपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान नवटोलिया गांव के मिथिलेश कुमार के पुत्र प्रिंस कुमार (11) और किशोरी मंडल के पुत्र नंदन कुमार (10) के रूप में हुई है। अन्य दो बच्चे पास के छठठु टोला के निवासी बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना पर इस्माइलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ की। वहीं, गोपालपुर के निर्दलीय प्रत्याशी गोपाल मंडल भी अस्पताल पहुंचे और शोकग्रस्त परिवारों से मिलकर संवेदना व्यक्त की।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजन बच्चों के शवों से लिपटकर रोते-बिलखते रहे। छठ की खुशियां गम में बदल गईं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से घाटों पर सुरक्षा बढ़ाने और ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.