बिहार: राष्ट्रीय लोक मोर्चा में बड़ा फेरबदल, आलोक कुमार बने प्रदेश अध्यक्ष

पटना: राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने संगठन में बड़े स्तर पर फेरबदल किया है। इसके तहत दिनारा से विधायक आलोक कुमार सिंह को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी सूत्रों ने इसे संगठन को मजबूती देने की दिशा में अहम कदम बताया।
पटना में प्रेस वार्ता के दौरान उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि विधानसभा सदस्य आलोक कुमार सिंह को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। साथ ही प्रशांत पंकज और सुभाष चंद्रवंशी को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है, जो आलोक कुमार के साथ संगठनात्मक कामकाज में सहयोग करेंगे। इसके अलावा हिमांशु पटेल को प्रधान महासचिव और मदन चौधरी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (संगठन) की जिम्मेदारी दी गई है।
पार्टी में अफवाहों पर लगाम
नई नियुक्ति के बाद आलोक कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि पार्टी में किसी प्रकार की टूट या असहमति नहीं है। उन्होंने कहा, “पार्टी को हर हाल में आगे बढ़ाना हमारी प्राथमिकता है। कहीं कोई समस्या या नाराजगी नहीं है, अफवाहों पर ध्यान नहीं दिया जाना चाहिए।”
आलोक कुमार का राजनीतिक और पारिवारिक पृष्ठभूमि
आलोक कुमार सिंह पूर्व मंत्री संतोष सिंह के भाई हैं, जो वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी के एमएलसी हैं और नीतीश कुमार के पूर्व मंत्रिमंडल में श्रम संसाधन मंत्री रह चुके हैं। पार्टी नेतृत्व के अनुसार, आलोक कुमार के संगठनात्मक अनुभव और जमीनी पकड़ को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आलोक कुमार ने नई जिम्मेदारी मिलने के बाद कहा कि वे पार्टी की नीतियों और योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर फोकस करेंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.