देहरादून: तेज रफ्तार सिटी बस ने मजदूरों को रौंदा, एक की मौत, पांच गंभीर

देहरादून। राजधानी के पटेलनगर क्षेत्र स्थित लालपुर इलाके में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार सिटी बस ने सड़क किनारे जा रहे मजदूरों को टक्कर मार दी, जिससे छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान एक मजदूर ने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य पांच की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे चल रहे मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने घायलों को संभाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाने में पुलिस की सहायता की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस चालक को वाहन चलाते समय अचानक दौरा पड़ गया था, जिसके कारण वह बस पर नियंत्रण खो बैठा। फिलहाल चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
घटना के बाद कुछ समय तक घायल सड़क पर ही पड़े रहे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शुरुआत में उन्हें अस्पताल पहुंचाने के लिए कोई वाहन चालक तैयार नहीं हुआ। हालात को देखते हुए पुलिस ने गुजर रहे वाहनों को रोककर घायलों को अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की।
बताया जा रहा है कि एंबुलेंस भी समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी। ऐसे में स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए ई-रिक्शा और ऑटो की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे का दृश्य इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग भी स्तब्ध रह गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। दुर्घटना के चलते क्षेत्र में लंबे समय तक यातायात प्रभावित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.