धनबाद: SNMMCH में शार्ट सर्किट से लगी आग, कार्यालय के रिकॉर्ड जलकर राख

धनबाद। शहीद निर्मल महतो मेडिकल कालेज एंड हास्पिटल (SNMMCH) में रविवार शाम स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग के कार्यालय में अचानक आग लग गई। घटना उस समय हुई जब कार्यालय पहले ही बंद हो चुका था और कर्मचारी घर लौट चुके थे। आग से फर्नीचर, पंखे, एयर कंडीशनर और महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज पूरी तरह नष्ट हो गए।
घटना के समय धुआं फैलने से पास के विभागों में अफरातफरी मच गई और मरीजों व तीमारदारों को सुरक्षित बाहर निकलना पड़ा। तुरंत अस्पताल प्रबंधन को सूचना दी गई। आग की गंभीरता देख होमगार्ड के जवान मौके पर पहुंचे और अग्निशमन यंत्र का उपयोग कर आग को काबू में किया।
दमकल विभाग के आगमन से पहले ही होमगार्ड और अस्पताल कर्मियों की तत्परता से स्थिति नियंत्रित हो गई। अस्पताल अध्यक्ष डॉ. दिनेश कुमार गिंदौरिया और वरिष्ठ प्रबंधक डॉ. चंद्रशेखर सुमन भी घटनास्थल पर पहुंचे। डॉ. सुमन ने कहा कि होमगार्ड की मदद से आग पर समय रहते काबू पाया गया।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आग का कारण कार्यालय में लगे पुराने बोर्ड का शार्ट सर्किट था। इस आग में मरीजों से जुड़े कई अहम रिकॉर्ड, जननी-शिशु सुरक्षा योजना के दस्तावेज, ऑपरेशन और इलाज से संबंधित कागजात जलकर नष्ट हो गए। इसके अलावा कई सरकारी पत्र और डाक्यूमेंट भी राख हो गए।
यह पहला मामला नहीं है। अस्पताल के डायलिसिस वार्ड में 1 मार्च 2024 को भी शार्ट सर्किट से आग लगी थी, जिसमें करोड़ों रुपये के उपकरण जलकर राख हो गए थे। उस घटना के बाद पूरे अस्पताल की वायरिंग डेढ़ करोड़ की लागत से बदल दी गई थी। बावजूद इसके शार्ट सर्किट ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।
अस्पताल प्रबंधन ने आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच का आदेश दिया है और संबंधित बिजली कर्मियों को दोष निवारण के निर्देश दिए गए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.