दरभंगा जाने वाली क्लोन स्पेशल ट्रेन में आग की घटना, रेलकर्मियों की सतर्कता से टली बड़ी दुर्घटना

सारण जिले के दाउदपुर स्टेशन के पास सोमवार की सुबह नई दिल्ली से दरभंगा जा रही क्लोन स्पेशल ट्रेन (02570) एक बड़े हादसे से बच गई। ट्रेन के एसी थ्री टियर कोच बी-7 में अचानक आग लगने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि, मौके पर मौजूद रेलकर्मियों की त्वरित कार्रवाई से आग पर तुरंत काबू पा लिया गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
चलती ट्रेन के पहिए में उठी लपटें
घटना सुबह करीब 7:40 बजे की है, जब ट्रेन दाउदपुर स्टेशन से गुजर रही थी। तभी बी-7 कोच के पहिए से अचानक धुआं और चिंगारियां उठने लगीं। वहां तैनात गेटमैन ने तुरंत स्टेशन मास्टर फिरोज खाना को सूचना दी। स्टेशन मास्टर ने कंट्रोल रूम को सूचित करते हुए ट्रेन को तत्काल रोकने का आदेश दिया।
ट्रेन को दाउदपुर स्टेशन पर रोका गया, जहां रेलकर्मियों ने फायर एक्सटिंग्विशर और पानी की मदद से आग पर काबू पाया। इस दौरान यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन रेलवे स्टाफ ने स्थिति को नियंत्रण में रखा और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
आधी घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू
स्थानीय लोगों और स्टेशन स्टाफ की मदद से लगभग आधे घंटे के प्रयास के बाद आग पूरी तरह बुझा ली गई। इसके बाद ट्रेन की तकनीकी जांच की गई। सभी कोचों की सुरक्षा सुनिश्चित होने के बाद ट्रेन को सुबह 8:10 बजे दरभंगा के लिए रवाना कर दिया गया। यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर पेयजल और सहायता टीम की व्यवस्था भी की गई थी।
जांच के आदेश जारी, कर्मचारियों की सराहना
रेल प्रशासन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह ब्रेक बाइंडिंग या पहिए में तकनीकी घर्षण मानी जा रही है। मामले की गहराई से जांच के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है। पूर्वोत्तर रेलवे ने सभी एसी कोचों के तकनीकी हिस्सों की जांच के निर्देश दिए हैं।
रेल अधिकारियों ने दाउदपुर स्टेशन के कर्मचारियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। उनके समय पर दिए गए अलर्ट से सैकड़ों यात्रियों की जान बच गई और एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.