पटना में कड़ी निगरानी के बीच आज से इंटर परीक्षा, 13 लाख से अधिक छात्र होंगे शामिल

पटना। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षा सोमवार से पूरे राज्य में शुरू हो रही है, जो 13 फरवरी तक चलेगी। इस बार परीक्षा में कुल 13,17,846 विद्यार्थी हिस्सा ले रहे हैं। परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश से पहले दो स्तरों पर तलाशी से गुजरना होगा। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, वीडियोग्राफी और निगरानी दल तैनात किए गए हैं। प्रत्येक 500 छात्रों पर एक वीडियोग्राफर की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटोकॉपी की दुकानें और साइबर कैफे बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।
पटना जिले में कुल 84 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 73,963 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। केंद्रों के आसपास सुबह से ही पुलिस बल और यातायात कर्मी तैनात रहेंगे। केंद्र से 200 मीटर की परिधि में अनधिकृत लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
प्रशासनिक अधिकारी रहेंगे भ्रमणशील
परीक्षा के दौरान सभी जिलों के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक अपने-अपने क्षेत्र के केंद्रों का दौरा करेंगे। किसी भी प्रकार का मोबाइल, स्मार्टवॉच या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
चार मॉडल परीक्षा केंद्र पटना में
राज्य के हर जिले में चार-चार मॉडल परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पूरे बिहार में कुल 152 मॉडल केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां केवल छात्राएं परीक्षा देंगी। इन केंद्रों पर दंडाधिकारी, वीक्षक और सुरक्षा कर्मी भी महिलाएं होंगी। छात्राओं का फूलों और गुब्बारों से स्वागत किया जाएगा तथा प्रवेश मार्ग पर कारपेट और हेल्पडेस्क की सुविधा होगी।
पटना के चार मॉडल केंद्र हैं –
-
राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, बांकीपुर
-
राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर
-
कमला नेहरू उच्च माध्यमिक विद्यालय, यारपुर
-
राजकीय बालिका उच्च विद्यालय, गर्दनीबाग
दो पालियों में होगी परीक्षा
परीक्षा प्रतिदिन दो शिफ्ट में आयोजित होगी।
-
पहली पाली: सुबह 9:30 से 12:45 तक
-
दूसरी पाली: दोपहर 2:00 से 5:15 तक
पहली पाली के लिए प्रवेश सुबह 8:30 बजे शुरू होगा और 9:00 बजे गेट बंद हो जाएगा। दूसरी पाली के लिए 1:00 बजे प्रवेश शुरू होगा और 1:30 बजे द्वार बंद कर दिए जाएंगे। प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का कूल-ऑफ टाइम दिया जाएगा।
पहले दिन किन विषयों की परीक्षा
पहली पाली में जीव विज्ञान और दर्शनशास्त्र की परीक्षा होगी, जिसमें 5,02,317 छात्र पंजीकृत हैं।
दूसरी पाली में कला व वाणिज्य संकाय के लिए अर्थशास्त्र विषय की परीक्षा होगी, जिसमें 55,964 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
नियम तोड़ने पर सख्त कार्रवाई
बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि यदि कोई परीक्षार्थी जबरदस्ती या अवैध तरीके से केंद्र में प्रवेश करता है तो उसे दो वर्षों के लिए परीक्षा से निष्कासित किया जाएगा और उसके खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज होगी। इसमें सहयोग करने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई होगी।
परीक्षार्थियों के लिए जरूरी निर्देश
-
एडमिट कार्ड के साथ पहचान पत्र साथ रखें
-
दो–तीन पेन जरूर रखें
-
बोतल, बैग, पर्स, पॉलीथिन ले जाना मना है
-
परीक्षा से कम से कम 30 मिनट पहले पहुंचें
-
इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पूरी तरह प्रतिबंधित हैं
-
एडमिट कार्ड में गड़बड़ी होने पर फोटोयुक्त पहचान पत्र लाना जरूरी
24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम
परीक्षा से जुड़ी शिकायतों और सूचनाओं के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है, जो अंतिम दिन तक 24×7 सक्रिय रहेगा। सहायता के लिए इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है –
0612-2232257, 0612-2232227
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.