कोरिया में रेत कारोबार विवाद ने लिया हिंसक रूप, भाजपा नेता की जलाकर हत्या

कोरिया (छत्तीसगढ़)। कोरिया जिले के सोनहत तहसील क्षेत्र में रेत के अवैध कारोबार से जुड़ा पुराना विवाद मंगलवार देर रात खौफनाक हिंसा में बदल गया। ग्राम कटगोड़ी से लगे नवगई इलाके में करीब 30 लोगों की भीड़ ने भाजपा नेता और सोनहत जनपद पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में उनकी मौत हो गई, जबकि उनके तीन साथी गंभीर रूप से झुलस गए।
जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने पहले टिपर वाहन से फॉर्च्यूनर कार को कई बार टक्कर मारी, जिससे वाहन आगे-पीछे से घिर गया। इसके बाद कार को रोककर उस पर पेट्रोल डाल दिया गया और आग लगा दी गई। आग की चपेट में आने से भरत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई और उनका शव पूरी तरह जल गया।
कार में मौजूद उनके तीन सहयोगी किसी तरह बाहर निकलने की कोशिश करते रहे, लेकिन वे भी आग और मारपीट की चपेट में आकर 40 से 60 प्रतिशत तक झुलस गए। सभी घायलों को पहले बैकुंठपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अंबिकापुर और फिर रायपुर रेफर किया गया।
पुरानी रंजिश और रेत कारोबार को लेकर तनाव
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच रेत खनन और परिवहन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर एक पक्ष की ओर से दूसरे पक्ष के युवक से मारपीट हुई थी, जिसके बाद तनाव और बढ़ गया।
इसके बाद रात में भरत सिंह अपने समर्थकों के साथ तीन वाहनों में दूसरे पक्ष के घर पहुंचे थे। वहीं बातचीत के दौरान विवाद अचानक हिंसक हो गया और हमलावरों ने टिपर से वाहनों को टक्कर मारकर घेर लिया। एक वाहन वहां से निकल गया, जबकि दो वाहन फंस गए और हमला हो गया।
पुलिस जांच में जुटी, चार संदिग्ध हिरासत में
घटना की जानकारी मिलते ही सरगुजा रेंज के आईजी देर रात मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
फिलहाल फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से सबूत जुटा रही है और आग लगाने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, विस्तृत जांच के बाद ही मामले में आधिकारिक एफआईआर दर्ज की जाएगी।
इलाके में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात
घटना के बाद पूरे सोनहत क्षेत्र में तनाव का माहौल है। एहतियात के तौर पर गांव और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। लोग इस घटना को लेकर दहशत में हैं।
कौन थे भरत सिंह गहरवार
भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह क्षेत्र के प्रभावशाली राजनीतिक और कारोबारी व्यक्तित्व माने जाते थे। वे सोनहत जनपद पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष रह चुके थे और स्थानीय ठेकेदारी व क्रशर कारोबार से जुड़े थे। उनका राजनीतिक प्रभाव क्षेत्र में लंबे समय से रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.