चीन में बड़ा हादसा, गगनचुंबी इमारत से टकराया छोटा विमान, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

बीजिंग। चीन की राजधानी बीजिंग में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक छोटा विमान शहर की एक ऊंची इमारत से टकरा गया। यह घटना बीजिंग के प्रमुख व्यावसायिक टॉवर ‘सिटिक टॉवर’ के पास हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत सुरक्षा कारणों से इमारत को खाली करा लिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टक्कर के बाद विमान के कई हिस्से टूटकर नीचे गिर गए, जो आसपास की सड़कों और पार्क क्षेत्र में भी पाए गए। हालांकि अभी तक इस हादसे में हुए नुकसान या किसी हताहत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि विमान में कितने लोग सवार थे।
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल, एम्बुलेंस और आपातकालीन टीमें पहुंचीं। आसपास की सभी सड़कों को बंद कर दिया गया और भीड़ को इलाके से दूर किया गया। सिटिक टॉवर के चारों ओर सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया गया है।
सोशल मीडिया पर सामने आए कुछ वीडियो में देखा गया कि लगभग 528 मीटर ऊंची इमारत के ऊपरी हिस्से से विमान टकराता है, जिसके बाद मलबा नीचे गिरने लगता है। बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद इमारत में मौजूद लोगों को तत्काल बाहर निकाला गया।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिस विमान का मलबा मिला है, वह एक छोटा ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट था, जिसे एक निजी कंपनी द्वारा संचालित किया जा रहा था। हालांकि इस कंपनी या विमान के संचालन को लेकर आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।
बीजिंग में छोटे विमानों की उड़ान के लिए सख्त नियम लागू हैं और बिना अनुमति ऐसे संचालन पर प्रतिबंध है। ऐसे में यह हादसा कैसे हुआ, इस पर सवाल उठ रहे हैं और जांच एजेंसियां मामले की विस्तृत जांच में जुट गई हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.