लिस्बन में बड़ा हादसा, ट्राम पटरी से उतरी, 15 की मौत, 18 घायल

पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन में मंगलवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां एक ट्राम (स्ट्रीटकार) पटरी से उतरकर पलट गई, जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 यात्री घायल हो गए। घायलों में विदेशी नागरिक और एक बच्चा भी शामिल है। इनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है।
राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूसा और लिस्बन के मेयर कार्लोस मोएदास ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मेयर ने कहा कि यह शहर के लिए बेहद दुखद दिन है और ऐसी त्रासदी पहले कभी नहीं देखी गई।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पीले और सफेद रंग की यह ट्राम एक संकरी सड़क से गुजरते हुए मोड़ पर इमारत से टकरा गई और अनियंत्रित होकर पहाड़ी से नीचे गिर गई। हादसे में ट्राम का ऊपरी हिस्सा और किनारे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने भी सोशल मीडिया पर शोक जताया। पुर्तगाली सरकार ने कहा कि राहत व बचाव कार्य पूरा होने के बाद हादसे की वजहों की विस्तृत जांच की जाएगी।
‘एलिवेडोर दा ग्लोरिया’ नाम की यह स्ट्रीटकार लिस्बन का लोकप्रिय यातायात साधन है, जिसे आमतौर पर स्थानीय निवासी इस्तेमाल करते हैं। यह शहर आने वाले पर्यटकों के बीच भी आकर्षण का केंद्र है। पिछले वर्ष करीब 85 लाख पर्यटक लिस्बन पहुंचे थे और यहां की ट्राम सवारी के लिए अक्सर लंबी कतारें लगती हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.