टैनिंग से लेकर डार्क स्पॉट तक, मसूर की दाल के ये घरेलू उपाय हैं असरदार

आजकल धूल, धूप और खराब लाइफस्टाइल का असर सबसे पहले त्वचा पर दिखाई देता है। चेहरे की चमक धीरे-धीरे कम होने लगती है और लोग महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स का सहारा लेने लगते हैं। हालांकि, आपकी रसोई में मौजूद कुछ घरेलू चीजें भी त्वचा को प्राकृतिक निखार देने में बेहद असरदार साबित हो सकती हैं। इन्हीं में से एक है मसूर की दाल।
मसूर की दाल सिर्फ सेहत के लिए ही नहीं, बल्कि स्किन केयर के लिए भी काफी फायदेमंद मानी जाती है। यह त्वचा की गहराई से सफाई करने के साथ डेड स्किन हटाने में मदद करती है। इसके नियमित इस्तेमाल से त्वचा मुलायम और चमकदार बन सकती है।
टैनिंग हटाने में मददगार
अगर धूप की वजह से चेहरे पर टैनिंग और कालापन बढ़ गया है तो मसूर की दाल का फेस पैक फायदेमंद हो सकता है। इसके लिए मसूर दाल का पाउडर लें और उसमें दही, थोड़ा शहद, चुटकीभर हल्दी और टमाटर का रस मिलाकर पेस्ट तैयार करें। इसे चेहरे पर करीब 15 से 20 मिनट तक लगाकर रखें। बाद में हल्के हाथों से मसाज करते हुए साफ कर लें। इससे त्वचा की गंदगी साफ होती है और टैनिंग कम होने लगती है।
नेचुरल स्क्रब की तरह करता है काम
मसूर की दाल त्वचा के लिए एक प्राकृतिक एक्सफोलिएटर की तरह काम करती है। इसके लिए दाल को रातभर भिगोकर पीस लें और उसमें कच्चा दूध मिलाएं। इस मिश्रण को चेहरे, हाथ और पैरों पर लगाकर कुछ देर छोड़ दें। बाद में हल्के हाथों से मसाज करते हुए साफ करें। इससे त्वचा स्मूद और फ्रेश महसूस होती है।
डार्क स्पॉट्स कम करने में सहायक
चेहरे पर दाग-धब्बों की समस्या से परेशान लोग भी मसूर दाल का इस्तेमाल कर सकते हैं। दाल के पेस्ट में खीरे का रस, दही, गुलाब जल और कुछ बूंदें नींबू के रस की मिलाकर फेस पैक तैयार करें। ड्राई स्किन वाले लोग इसमें शहद या मलाई भी मिला सकते हैं। नियमित इस्तेमाल से त्वचा की रंगत में सुधार देखने को मिल सकता है।
इस्तेमाल करते समय रखें सावधानी
मसूर की दाल स्क्रब की तरह काम करती है, इसलिए इसका इस्तेमाल रोजाना नहीं करना चाहिए। सप्ताह में एक या दो बार इसका उपयोग पर्याप्त माना जाता है। जिन लोगों की त्वचा संवेदनशील है, उन्हें किसी भी घरेलू फेस पैक का इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करना चाहिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.