अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसा, कार खाई में गिरने से 4 लोगों की मौत

अल्मोड़ा। जिले के चायखान-बेगानिया मार्ग पर सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बलिया गांव के पास एक मारुति ऑल्टो कार (UK 04 Z-5819) अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे के समय वाहन में कुल छह लोग सवार थे, जिनमें से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
एक ही गांव के थे सभी सवार
सूचना मिलते ही लमगड़ा थाना पुलिस, स्थानीय ग्रामीण और राहत दल मौके पर पहुंचे और खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान चलाया।
पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले चारों लोग ग्राम बलिया के ही निवासी थे। मृतकों की पहचान राजेंद्र सिंह बेलवाल (40), जगदीश सिंह (35), लछम सिंह (56) और पान सिंह (50) के रूप में हुई है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इस हादसे की सबसे दर्दनाक बात यह रही कि मृतक राजेंद्र सिंह बेलवाल का 18 वर्षीय बेटा सचिन बेलवाल भी उसी कार में मौजूद था। हादसे में राजेंद्र सिंह की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
इसके अलावा गोपाल सिंह (45) भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया
दोनों घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से खाई से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लमगड़ा ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल अल्मोड़ा रेफर कर दिया।
पुलिस जांच जारी
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में हादसे के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस यह जांच कर रही है कि दुर्घटना तेज रफ्तार के कारण हुई या फिर वाहन में किसी तकनीकी खराबी के चलते यह हादसा हुआ।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.