पटना में कल पीएम मोदी का रोड शो, बांकीपुर से नितिन नवीन के लिए करेंगे प्रचार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को एक बार फिर बिहार के दौरे पर पहुंच रहे हैं। पिछले आठ दिनों में यह उनका तीसरा दौरा होगा। प्रधानमंत्री पहले नवादा में जनसभा को संबोधित करेंगे और फिर शाम को पटना में रोड शो करेंगे। इसके बाद तीन नवंबर को वे कटिहार में जनसभा को संबोधित करेंगे। इन सभी कार्यक्रमों के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
पटना में 2.8 किलोमीटर लंबा रोड शो
पटना में प्रधानमंत्री मोदी का रोड शो 2.8 किलोमीटर लंबा होगा, जो दिनकर गोलंबर से शुरू होकर नाला रोड, ठाकुरबाड़ी रोड, बारी पथ, बाकरगंज और उद्योग भवन तक जाएगा। शाम को शुरू होने वाले इस रोड शो के लिए 10 स्वागत स्थलों की व्यवस्था की गई है। जगह-जगह पारंपरिक संगीत, ढोल-नगाड़ों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत किया जाएगा। रोड शो की तैयारी का दायित्व बांकीपुर विधानसभा के विधायक और प्रत्याशी नितिन नवीन को सौंपा गया है।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, 2000 से अधिक जवान तैनात
जिला प्रशासन ने सुरक्षा को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। रोड शो के दौरान भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था के लिए 2000 से अधिक अतिरिक्त पुलिस बल और अर्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस ने कई मार्गों में बदलाव किया है — कदमकुआं से दरियापुर जाने वाला मार्ग अस्थायी रूप से बंद रहेगा।
मौसम बना चुनौती, फिर भी तैयारियों में जुटी बीजेपी
बारिश की संभावना के बावजूद रोड शो की तैयारियां जोरों पर हैं। पटना के विभिन्न मार्गों को साफ-सुथरा किया जा रहा है, जबकि होर्डिंग्स और लाइटिंग लगाने का काम जारी है। मौसम विभाग ने दो नवंबर को भी बारिश का पूर्वानुमान जताया है, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता मौसम की परवाह किए बिना तैयारी में जुटे हैं।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने इससे पहले 29 मई को पटना में लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान छह किलोमीटर लंबा रोड शो किया था।






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.