बिहार में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस पर हमला, 33 पर केस दर्ज

बिहार के मरंगा थाना क्षेत्र के सतकोदरिया गांव में शराबबंदी अभियान के दौरान पुलिस पर हमला होने की घटना सामने आई है। अवैध शराब के ठिकानों पर छापेमारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर स्थानीय लोग और शराब कारोबारियों ने मिलकर ईंट-पत्थर फेंककर हमला कर दिया। इस हमले में एक पुलिसकर्मी घायल हुआ और सरकारी वाहन गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया।
गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई
थानाध्यक्ष कौशल कुमार को सूचना मिली थी कि सतकोदरिया गांव में बड़े पैमाने पर शराब का उत्पादन और बिक्री हो रही है। पुलिस टीम छापेमारी के लिए गांव पहुंची, लेकिन स्थानीय लोगों और कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस का विरोध करना शुरू कर दिया।
भीड़ ने किया पथराव, अफरातफरी मची
पुलिस के आने पर मौके पर मौजूद लोग उग्र हो गए और टीम पर पत्थर बरसाने लगे। अचानक हुए इस हमले से अफरा-तफरी मच गई। कई पुलिसकर्मी अपनी सुरक्षा के लिए भागते नजर आए, जबकि कुछ को छुपकर अपनी जान बचानी पड़ी।
अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचा, हमलावर फरार
हमले की सूचना तुरंत थाने को दी गई। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचा, जिससे हमलावर वहां से भाग निकले। पुलिस ने इस मामले में आठ नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
एसपी ने कड़ी चेतावनी दी
पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावत ने कहा कि पुलिस टीम गुप्त सूचना के आधार पर कानूनी कार्रवाई करने गई थी। छापेमारी के दौरान पुलिस पर हमला करना और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और कानून को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
वर्तमान में सतकोदरिया गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस लगातार छापेमारी कर नामजद आरोपियों को पकड़ने का प्रयास कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.