मोकामा में सियासी बवाल: जन सुराज समर्थक की हत्या में बाहुबली अनंत सिंह पर केस दर्ज

मोकामा विधानसभा सीट से जेडीयू के उम्मीदवार और बाहुबली नेता अनंत सिंह एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के समर्थन में प्रचार कर रहे दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में अनंत सिंह और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक के परिजनों ने अनंत सिंह, उनके दो भतीजों रणवीर सिंह और कर्मवीर सिंह समेत पांच लोगों पर आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप है कि अनंत सिंह के समर्थकों ने पहले गोली चलाई और फिर गाड़ी चढ़ाकर दुलारचंद की हत्या कर दी। पुलिस ने मृतक के पोते के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायतें
इस घटना में अनंत सिंह की ओर से भी लिखित शिकायत दी गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमले का आरोप लगाया है और मामले की जांच जारी है।
विवाद की जड़ क्या है?
मोकामा सीट पर इस बार त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। जेडीयू से अनंत सिंह, राजद से सूरजभान सिंह और जन सुराज पार्टी से पीयूष प्रियदर्शी मैदान में हैं। मृतक दुलारचंद, पीयूष के रिश्तेदार थे और उनके प्रचार अभियान में शामिल थे। बताया जा रहा है कि प्रचार के दौरान ही हिंसा भड़क उठी, जिसमें दुलारचंद की मौत हो गई।
अनंत सिंह ने सूरजभान पर लगाया पलटवार का आरोप
अनंत सिंह ने अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया और कहा कि यह सारा घटनाक्रम उनके प्रतिद्वंदी सूरजभान सिंह की साजिश है। उन्होंने बताया, “हम टाल इलाके में वोट मांग रहे थे, तभी कुछ गाड़ियां आईं और हमारे खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी गई। फिर वहां पथराव हुआ, सड़क पर पहले से ईंट-पत्थर रखे गए थे। यह सब सुनियोजित था।”
इलाके में तनाव, पुलिस ने बढ़ाई निगरानी
हत्या की वारदात के बाद मोकामा क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर इलाके की स्थिति पर नजर रखी है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.