मोकामा हत्याकांड में सियासी घमासान: अनंत सिंह बोले- सब सूरजभान ने कराया

बिहार के मोकामा विधानसभा क्षेत्र में चुनावी माहौल के बीच हिंसा का माहौल बन गया है। जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार पीयूष प्रियदर्शी के चाचा दुलार चंद्र यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया है।
पीयूष प्रियदर्शी ने आरोप लगाया है कि यह हमला एनडीए प्रत्याशी अनंत सिंह के समर्थकों ने किया है। वहीं, अनंत सिंह ने इन आरोपों से इनकार करते हुए सूरजभान सिंह पर साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है।
अनंत सिंह ने बताया पूरा घटनाक्रम
अनंत सिंह ने कहा, “हम लोग टाल इलाके में वोट मांग रहे थे, तभी करीब सात गाड़ियां वहां खड़ी दिखीं। पहले लगा कोई प्रचार कर रहा है, लेकिन तभी ‘मुर्दाबाद’ के नारे लगने लगे। कुछ देर बाद करीब 30 गाड़ियां आगे बढ़ीं और 10 गाड़ियां वहीं रहीं, जिन पर पथराव शुरू हो गया। सड़क पर ईंट-पत्थर पहले से रखे गए थे। यह सब एक सोची-समझी साजिश थी।”
उन्होंने आगे कहा, “यह पूरा खेल सूरजभान सिंह का है। उन्होंने दुलार चंद्र को अपना शागिर्द बनाकर रखा था और वही सबसे पहले भड़क उठा। सूरजभान की कोशिश थी कि माहौल बिगड़े और झगड़ा हो।”
पुलिस ने कहा—स्थिति नियंत्रण में है
हत्या के बाद मोकामा में तनाव का माहौल है। हालांकि, पुलिस ने दावा किया है कि हालात नियंत्रण में हैं और मामले की जांच की जा रही है।
मोकामा में दो बाहुबलियों की टक्कर
मोकामा सीट पर जदयू प्रत्याशी अनंत सिंह और राजद समर्थित वीणा देवी (सूरजभान सिंह की पत्नी) आमने-सामने हैं। यह इलाका लंबे समय से बाहुबल और राजनीतिक टकराव के लिए जाना जाता है। अनंत सिंह इस सीट से पांच बार विधायक रह चुके हैं, जबकि सूरजभान सिंह पूर्व सांसद हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.