प्रियंका गांधी ने बिहार में पीएम मोदी पर साधा निशाना, कहा– ‘एक अपमान मंत्रालय खोल लें’

बिहार में विधानसभा चुनाव प्रचार तेज़ है। इसी बीच कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा पश्चिम चंपारण पहुंचीं और पीएम मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री को ‘अपमान मंत्रालय’ खोल लेना चाहिए। उन्होंने अपने भाई और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी का बचाव करते हुए कहा कि उनके भाई ने सेना का अपमान करने वाला कोई बयान नहीं दिया।
प्रियंका ने मीडिया से बातचीत में कहा, "मेरे भाई देश और सेना के हित में काम करते हैं। वे निडर हैं और सच बोलते हैं। उन्हें रोक नहीं सकता। पूरा देश यह देख रहा है।" उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में निष्पक्ष चुनाव होना चाहिए, वरना अन्य राज्यों की तरह वोटिंग प्रक्रिया में हेरफेर किया जाएगा।
चुनाव रैली में प्रियंका ने प्रधानमंत्री पर आरोप लगाया कि वे भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और शिक्षा जैसे मुद्दों की बजाय राजनीतिक पोस्टरों और विरोधी नेताओं की तस्वीरों को लेकर चिंतित रहते हैं। उन्होंने कहा, "पीएम आपकी समस्याओं की बजाय कांग्रेस और आरजेडी के पोस्टरों पर ध्यान दे रहे हैं। बिहार की शिक्षा प्रणाली और जनता की परेशानियां उनके लिए प्राथमिकता नहीं हैं।"
प्रियंका ने केंद्र सरकार पर बड़ा उद्योगपतियों के कर्ज माफ करने और आम जनता की मदद न करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा, "मोदी जी का साम्राज्य आम लोगों के लिए नहीं है। बिहार की मजबूत शिक्षा व्यवस्था को भी उन्होंने नजरअंदाज किया है।"
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए मतदान दो चरणों में होगा। पहले चरण में 6 नवंबर को और दूसरे चरण में 11 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। परिणाम 14 नवंबर को घोषित होंगे। इस बार बिहार में इंडिया महागठबंधन और एनडीए के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.