रांची-चतरा बस में अचानक आग, 40 से अधिक यात्री सुरक्षित बाहर निकाले गए

रांची। शनिवार शाम रांची-लोहरदगा हाईवे पर एक चलती बस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, सौभाग्य से बस में सवार 40 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
मंदर थाना प्रभारी मनोज कर्माली ने बताया कि बस राज्य की राजधानी रांची से चतरा की ओर जा रही थी और मंदर बाजार के पास पहुंचते ही उसमें अचानक आग लग गई। चालक ने तुरंत बस को रोका और सभी यात्रियों को बाहर निकाल लिया।
प्रारंभिक जांच में बताया गया कि आग संभवतः बैटरी बॉक्स में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी और बस में रखे कुछ रासायनिक पदार्थों के कारण तेजी से फैल गई। दमकल की गाड़ी मौके पर थोड़ी देर बाद पहुंची, लेकिन स्थानीय दुकानदारों ने पहले ही आग पर काबू पा लिया था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि किसी यात्री को चोट नहीं आई और कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। बस को थाने परिसर में खड़ा कर दिया गया है और यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। बस मालिक से सुरक्षा उपकरणों की अनुपस्थिति समेत अन्य बिंदुओं पर पूछताछ की जाएगी।
गौरतलब है कि इससे पहले शुक्रवार को आंध्र प्रदेश के कुर्नूल जिले में एक निजी बस में आग लगने से 20 लोगों की मौत हो गई थी, जब बस एक दोपहिया वाहन से टकरा गई थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.