शहडोल कोयला खदान में हादसा: छत धंसने से दो मजदूरों की मौत, चार घायल

शहडोल जिले के एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र की बंगवार भूमिगत कोयला खदान में शुक्रवार को काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। स्टॉपिंग वाल निर्माण कार्य के दौरान खदान की छत का एक हिस्सा अचानक धंस गया, जिससे दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य ठेका श्रमिक घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार हादसा दूसरी शिफ्ट में करीब 3:30 बजे हुआ, जब खदान के अंदर मजदूर निर्माण कार्य में जुटे थे। इसी दौरान ऊपर की चट्टानों और मिट्टी का कमजोर हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा और कई मजदूर मलबे में दब गए। घटना के बाद खदान परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
घटना में मृतकों की पहचान बल्लू कोल और गोलू बैगा के रूप में हुई है। वहीं घायलों में प्रेमलाल विश्वकर्मा, राजकुमार यादव, अमित यादव और अंजनी बैगा शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार दिया गया।
सूचना मिलते ही एसईसीएल प्रबंधन, सुरक्षा दल और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल कुछ मजदूरों को जिला अस्पताल शहडोल और केंद्रीय चिकित्सालय बुढ़ार रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि खदान की छत का एक हिस्सा कमजोर होने के कारण यह हादसा हुआ, हालांकि इसकी तकनीकी जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था, वेंटिलेशन और स्ट्रक्चरल कंडीशन की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।
इस घटना ने एक बार फिर भूमिगत खदानों में सुरक्षा मानकों और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.