छत्तीसगढ़ में हैरान करने वाली चोरी: 70 फुट का पुल गायब, 5 आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से चोरी का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां चोरों ने पूरे 70 फुट लंबे स्टील पुल को ही गायब कर दिया। यह पुल शहर के धोधीपारा क्षेत्र में हसदेव लेफ्ट नहर पर बना हुआ था और बीते करीब 40 वर्षों से स्थानीय लोगों के आवागमन का सहारा बना हुआ था।
पुलिस के मुताबिक, यह वारदात बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई। आरोपियों ने रात के समय गैस कटर से पुल के लोहे के हिस्सों को काटा और फिर उसे कबाड़ के रूप में बेचने के इरादे से ले गए। इस पूरी साजिश में कुल 15 लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है।
घटना का खुलासा 18 जनवरी की सुबह हुआ, जब स्थानीय निवासियों ने देखा कि नहर पर बना स्टील पुल पूरी तरह गायब है। इसके बाद वार्ड नंबर-17 के पार्षद लक्ष्मण श्रीवास ने CSEB पुलिस चौकी में इसकी शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की और जांच शुरू की। एडिशनल एसपी लखन पटले ने बताया कि अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पकड़े गए आरोपियों में लोचन केवट (20), जयसिंह राजपूत (23), मोती प्रजापति (27), सुमित साहू (19) और केशवपुरी गोस्वामी (22) शामिल हैं।
पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल किए गए वाहन को भी जब्त कर लिया है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि पुल के कटे हुए हिस्से कहां और किसे बेचे गए। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह को पकड़ लिया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.