दिल्ली-कोलकाता हाईवे पर दर्दनाक हादसा: ट्रैवलर ट्रक से टकराई, 1 की मौत, 19 घायल

दिल्ली-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर गुरुवार सुबह एक गंभीर सड़क हादसा हुआ। डेहरी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सुअरा गांव के पास एक ट्रैवलर वाहन अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से टकरा गया। इस वाहन में तमिलनाडु के 24 पर्यटक सवार थे। हादसे में 72 वर्षीय राजू एम (कांचीपुरम) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक सहित 19 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों का इलाज नारायण मेडिकल कॉलेज अस्पताल, जमुहार में चल रहा है। घायलों में कविता (47), कायल कन्नन (50), सिल्वा (43), दिव्यदर्शनी (19), के. परी (10), श्रीलता (50) और बालाजी के (49) शामिल हैं। डॉक्टरों ने सभी पर कड़ी निगरानी रखी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, यह ट्रैवलर वाराणसी से गया की ओर जा रहा था। सुबह करीब तीन बजे चालक सोनू पाल को झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गया। टक्कर के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। थानाध्यक्ष नितेश कुमार ने बताया कि मृतक और घायल यात्रियों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। मृतक के परिवार वाले चेन्नई से फ्लाइट द्वारा घटना स्थल की ओर रवाना हो गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम के सदर अस्पताल भेजा गया है।
प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण चालक को नींद आना बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.