अमेरिका: कैलिफोर्निया की लाइब्रेरी में फायरिंग, दो लोगों की मौत; हमलावर गिरफ्तार

कैलिफोर्निया। उत्तरी कैलिफोर्निया के चिको शहर में सोमवार शाम एक सार्वजनिक लाइब्रेरी में हुई फायरिंग की घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची घायल हो गई। पुलिस ने मामले में 18 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना स्थानीय समय के अनुसार करीब शाम 5 बजे ब्यूट काउंटी लाइब्रेरी में हुई। चिको पुलिस विभाग के प्रमुख बिली एल्ड्रिज ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी पीछे के दरवाजे से भागने की कोशिश कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
आरोपी की पहचान और मंशा
पुलिस ने हमलावर की पहचान 18 वर्षीय ब्रैडली स्कॉट सायर के रूप में की है। उस पर दो लोगों की हत्या के आरोप दर्ज किए गए हैं और उसे ब्यूट काउंटी जेल भेज दिया गया है। जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी किसी भी पीड़ित को पहले से नहीं जानता था।
अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी सामूहिक हत्याओं से जुड़े मामलों, खासकर ‘कोलंबाइन स्कूल शूटिंग’ जैसी घटनाओं से प्रभावित था। बताया जा रहा है कि उसने घटना के दौरान उसी हमले से जुड़े एक हमलावर जैसे कपड़े भी पहन रखे थे। पुलिस को शक है कि वह इंटरनेट पर ऐसे विचारों को बढ़ावा देने वाले समूहों से जुड़ा हो सकता है और उसने अकेले ही इस वारदात को अंजाम दिया।
गोलीबारी में क्या हुआ
पुलिस के अनुसार, हमलावर ने कुल लगभग आठ राउंड फायरिंग की। एक व्यक्ति को लाइब्रेरी के मुख्य प्रवेश द्वार के पास गोली लगी, जबकि दूसरे को इमारत के पिछले हिस्से में निशाना बनाया गया।
इस घटना में 74 वर्षीय रॉबर्ट जॉनसन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 46 वर्षीय कोडी हल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कोडी हल एक बच्ची को लाइब्रेरी घुमाने के लिए साथ लाए थे।
घटना के दौरान मौजूद बच्ची कांच के टुकड़े लगने से घायल हो गई थी। इलाज के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
हथियार और जांच
तलाशी के दौरान पुलिस को लाइब्रेरी के अंदर से एक शॉटगन मिली, जबकि आरोपी की गाड़ी से दो अन्य हथियार बरामद किए गए हैं। मामले की गहन जांच जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.