उत्तराखंड: पुलिस थानों को बम धमकी देने वाला युवक अंबाला से गिरफ्तार

देहरादून। उत्तराखंड के विभिन्न पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी देकर सोशल मीडिया पर अफरा-तफरी फैलाने वाले एक युवक को देहरादून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान हरियाणा के अंबाला निवासी 26 वर्षीय जसप्रीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से वह मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिससे कथित रूप से धमकी भरी पोस्ट डाली गई थी।
पुलिस के अनुसार, 23 जून 2026 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर एक संदेश वायरल हुआ था, जिसमें उत्तराखंड के सभी थानों को निशाना बनाने की धमकी दी गई थी। इस पोस्ट के चलते आम लोगों में दहशत का माहौल बन गया था। मामले में कोतवाली नगर थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया।
जांच के लिए गठित विशेष टीम ने डिजिटल साक्ष्यों और साइबर ट्रैकिंग के जरिए आरोपी तक पहुंच बनाई। तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस ने 28 जून को उसे हिरासत में लिया।
पूछताछ में सामने आया कि कुछ दिनों पहले चमोली के कर्णप्रयाग क्षेत्र में स्थानीय युवकों और सिख समुदाय के बीच हुए विवाद तथा पुलिस कार्रवाई से वह नाराज था। इसी से जुड़े वीडियो देखने के बाद उसने कथित रूप से सोशल मीडिया पर धमकी भरी पोस्ट डालकर डर फैलाने और पुलिस को चुनौती देने की कोशिश की।
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है। साथ ही अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर इस तरह की भ्रामक या धमकीपूर्ण गतिविधियां गंभीर अपराध हैं, जिन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.