मधेपुरा में आरोपी की गिरफ्तारी का वीडियो वायरल, तीन पुलिसकर्मी निलंबित

मधेपुरा। जिले में कानून-व्यवस्था पर उठ रहे सवालों के बीच शंकरपुर थाना कांड संख्या 240/25 के आरोपी अंकज कुमार उर्फ लल्लू यादव की गिरफ्तारी से जुड़ा एक वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो गया। वीडियो में पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस ने तीन कर्मियों को निलंबित किया
मधेपुरा पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह ने मामले की जांच के बाद तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही विभागीय प्रक्रिया के तहत 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
वीडियो में दिखा वीआईपी ट्रीटमेंट
बताया गया है कि शनिवार को मधेली वार्ड नंबर 13 से अंकज कुमार को गिरफ्तार किया गया था। थाना लाकर कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। लेकिन इंटरनेट पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि अभियुक्त को हथकड़ी के साथ पुलिस वाहन की जगह निजी वाहन में बैठाया गया। रास्ते में एक होटल में पुलिस कर्मियों के साथ भोजन करते हुए भी उनकी रील बनाई गई।
वीडियो में अंकज कुमार को हाथ में हथकड़ी पकड़कर खुद की रील बनवाते भी दिखाया गया है। इंटरनेट पर यह रील कई गानों के साथ अपलोड की गई। जानकारी के अनुसार, अंकज कुमार पर मधेपुरा और सुपौल जिले के विभिन्न थानों में हत्या, लूट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2020 में मधेली निवासी शिक्षक राम बाबू की हत्या में भी उनका नाम था।
एएसपी और एसडीपीओ की जांच
पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह ने बताया कि दो मार्च को वायरल वीडियो में आरोपी को हथकड़ी रस्से से पकड़े हुए वाहन से होटल ले जाते और पुलिसकर्मियों के साथ भोजन करते हुए देखा गया। सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रवेंद्र भारती की जांच में वायरल वीडियो में शामिल तीन पुलिसकर्मियों की पहचान की गई: सअनि रामउदय कुमार, चौकीदार अनील कुमार और मो. रसूल।
जांच में सामने आया कि यह तीनों कर्मी आरोपी को न्यायालय में पेश करने के दौरान निजी वाहन से होटल लेकर गए और वहां भोजन किया। इस अमर्यादित कृत्य से पुलिस की छवि धूमिल हुई। इस आरोप में तीनों को निलंबित कर विभागीय कार्रवाई की नोटिस जारी की गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.