जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने गुरुवार को अपनी स्कूलों की 10वीं कक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया। कुलपति प्रो. मजहर आसिफ और रजिस्ट्रार प्रो. मोहम्मद महताब आलम रिजवी ने रिजल्ट जारी करते हुए बताया कि इस बार लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों से बेहतर रहा। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने लड़कियों की इस सफलता पर खुशी जाहिर की है।
लड़कियों का पास प्रतिशत 98.3%
जामिया मिल्लिया इस्लामिया के अनुसार, इस साल कक्षा 10वीं की परीक्षा में कुल 647 छात्र शामिल हुए, जिनमें 303 लड़के और 344 लड़कियां थीं। लड़कों का पास प्रतिशत 94.1% रहा, जबकि लड़कियों ने 98.3% के साथ बढ़त बनाई। कुल मिलाकर, पास प्रतिशत 96.2% रहा।
संयुक्त रूप से टॉपर बने बुशरा गौहर और तौसिफ आलम
जामिया 10वीं के रिजल्ट में बुशरा गौहर और तौसिफ आलम ने 98.71% अंक हासिल कर संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया। अलीशा इमरान ने 98.57% अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि तस्मिया अफरोज, सादिका इम्बेसत और सादिया बानो ने 98.29% अंकों के साथ संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।
ऑनलाइन देखें रिजल्ट
जामिया 10वीं का रिजल्ट ऑनलाइन देखा जा सकता है। इसके लिए जामिया मिल्लिया इस्लामिया के आधिकारिक एग्जाम पोर्टल jmiregular.ucanapply.com पर विजिट कर सकते हैं।