संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने वर्ष 2027 के लिए अपनी सभी प्रमुख भर्ती परीक्षाओं का विस्तृत कैलेंडर जारी कर दिया है। जारी कार्यक्रम के अनुसार देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 23 मई 2027 (रविवार) को आयोजित की जाएगी, जबकि मुख्य परीक्षा 20 अगस्त 2027 से शुरू होकर पांच दिनों तक चलेगी।

आयोग के मुताबिक परीक्षा सत्र की शुरुआत 10 जनवरी 2027 से संयुक्त भू-वैज्ञानिक (प्रारंभिक) परीक्षा से होगी। इसके बाद 31 जनवरी 2027 को इंजीनियरिंग सेवा प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की जाएगी। फरवरी और मार्च में कई अन्य भर्ती एवं विभागीय परीक्षाएं प्रस्तावित हैं।

सीआईएसएफ सहायक कमांडेंट (कार्यकारी) लिमिटेड विभागीय परीक्षा 14 मार्च 2027 को होगी। वहीं राष्ट्रीय रक्षा अकादमी एवं नौसेना अकादमी परीक्षा (NDA) और संयुक्त रक्षा सेवा परीक्षा (CDS) दोनों 11 अप्रैल 2027 को आयोजित की जाएंगी।

सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा और भारतीय वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा दोनों 23 मई 2027 को एक साथ कराई जाएंगी। इसके बाद जून और जुलाई में इंजीनियरिंग सेवा मुख्य परीक्षा, भारतीय आर्थिक एवं सांख्यिकी सेवा परीक्षा, संयुक्त भू-वैज्ञानिक मुख्य परीक्षा और संयुक्त चिकित्सा सेवा परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण एग्जाम होंगे।

कैलेंडर के अनुसार जुलाई से सितंबर के बीच सीएपीएफ असिस्टेंट कमांडेंट परीक्षा, एनडीए-द्वितीय और सीडीएस-द्वितीय परीक्षा सहित कई प्रमुख परीक्षाएं आयोजित होंगी। सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 20 अगस्त 2027 से शुरू होगी।

नवंबर 2027 में भारतीय वन सेवा मुख्य परीक्षा सात दिनों तक चलेगी। वहीं दिसंबर में सेक्शन ऑफिसर/स्टेनो ग्रेड-B/ग्रेड-I लिमिटेड विभागीय परीक्षा आयोजित की जाएगी।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि परिस्थितियों के अनुसार परीक्षा तिथियों, अधिसूचना और अवधि में बदलाव संभव है। ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से आधिकारिक अपडेट पर नजर बनाए रखें।