बॉलीवुड संगीत जगत में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मशहूर संगीतकार जोड़ी सचिन-जिगर के सदस्य सचिन सांघवी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उन पर एक महिला द्वारा यौन उत्पीड़न और मानसिक शोषण का आरोप लगाया गया है।
महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि सचिन ने उसे काम का बहाना देकर शारीरिक और भावनात्मक रूप से परेशान किया। इसके अलावा, शिकायत में कहा गया है कि सचिन ने महिला को करियर में मदद और शादी का झांसा दिया, लेकिन बाद में उसे ठुकरा दिया और धमकी दी कि इस रिश्ते के बारे में किसी को ना बताएं।
महिला का कहना है कि दोनों की पहचान वर्ष 2024 में सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी और बातचीत धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। शिकायत के अनुसार, फरवरी 2024 से जुलाई 2025 तक उनके बीच कथित रूप से संबंध रहा। महिला ने बताया कि मुलाकातें सिर्फ मुंबई तक सीमित नहीं थीं, बल्कि अन्य शहरों में भी हुईं। जब वह अत्यधिक परेशान हुई, तब अगस्त 2025 में उसने पुलिस से संपर्क किया और सचिन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
सचिन-जिगर की जोड़ी ने बॉलीवुड की कई फिल्मों में संगीत दिया है। सचिन ने हाल ही में फिल्म 'थामा' और इससे पहले 'परम सुंदरी' जैसी फिल्मों में संगीत दिया है। फिलहाल, उनके गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच जारी है और आगे यह विवाद किस मोड़ पर पहुंचता है, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।