बुलंदशहर जिले के खुर्जा कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। यह मुठभेड़ मुंडाखेड़ा नहर के पास उस समय हुई जब पुलिस टीम वांछित आरोपियों को बरामदगी के लिए मौके पर लेकर गई थी। इस दौरान दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई।
मुठभेड़ में 50-50 हजार रुपये के इनामी बदमाश रिंकू सैनी और भारत सैनी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को तुरंत पुलिस ने हिरासत में लेकर इलाज के लिए खुर्जा के जटिया अस्पताल में भर्ती कराया है।
खुर्जा सीओ शोभित कुमार के अनुसार, दोनों आरोपी कोतवाली खुर्जा नगर में हुए बहुचर्चित तिहरे हत्याकांड में वांछित थे और उन पर इनाम घोषित था। पुलिस इन्हें हत्या में इस्तेमाल हथियार और डीवीआर की बरामदगी के लिए मौके पर लेकर गई थी, तभी आरोपियों ने अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए।
पुलिस ने मौके से एक अवैध पिस्टल, एक तमंचा, कारतूस और एक डीवीआर बरामद किया है। पूरे मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
जन्मदिन विवाद से शुरू हुआ था तिहरा हत्याकांड
गौरतलब है कि खुर्जा में एक जिम में जन्मदिन के दौरान चेहरे पर केक लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया था। इस घटना में पूर्व भाजपा सभासद के दो भाइयों अमरदीप और मनीष तथा उनके भतीजे आकाश की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
इस मामले में पुलिस ने पहले ही जिम संचालक रूपेश सैनी, मयंक सैनी और नरेश सैनी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।