साउथ फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री तृषा कृष्णन एक बार फिर चर्चा में हैं। पिछले छह महीनों में दूसरी बार उनके घर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। हाल के दिनों में उनके और अभिनेता विजय के बीच रिश्ते को लेकर चल रही अफवाहों के बीच यह मामला सामने आने से फैंस भी चिंता में आ गए।

पहले भी मिल चुकी है फर्जी धमकी

जानकारी के अनुसार, अक्टूबर 2025 में भी तृषा के घर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी, जो जांच के बाद पूरी तरह फर्जी साबित हुई थी। अब एक बार फिर तमिलनाडु डीजीपी कंट्रोल रूम को एक संदेश मिला, जिसमें दावा किया गया कि चेन्नई के अलवरपेट स्थित उनके घर में विस्फोटक रखा गया है।

सूचना मिलते ही तेयनमपेट पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और बम निरोधक दस्ता तथा स्निफर डॉग्स के साथ पूरे इलाके की जांच की। हालांकि तलाशी के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला और यह धमकी भी झूठी निकली।

सेलिब्रिटीज को मिल रही फर्जी धमकियां

पिछले कुछ समय से फिल्मी सितारों और राजनीतिक हस्तियों को इस तरह की फर्जी धमकियां मिलने के मामले बढ़े हैं। इससे पहले रजनीकांत और धनुष जैसे कलाकारों को भी इसी तरह की झूठी धमकियों का सामना करना पड़ा था।

सोशल मीडिया पर एक्टिव रहीं तृषा

जहां एक ओर इस खबर से उनके प्रशंसक परेशान नजर आए, वहीं तृषा कृष्णन ने सोशल मीडिया पर सामान्य दिनचर्या की तस्वीरें साझा कर शांत प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी में ब्लूबेरी की तस्वीर पोस्ट की और अपने पालतू डॉग ‘इजी’ के साथ भी कुछ पल साझा किए।

एक मजेदार पोस्ट में उनका डॉग सीढ़ियां चढ़ता नजर आया, जिसके साथ उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में लिखा कि उनका पालतू उनके बैग को लेकर काफी पजेसिव है।