अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप के दोबारा सत्ता में आने के बाद कई बड़े फैसले लिए गए हैं। जिसमें तमाम विभागों में कटौती और छंटनी के साथ उन्हें बंद करना शामिल हैं। अब इस सूची में एक और अमेरिकी विभाग शामिल होने वाला है। बता दें कि, अमेरिकी स्वास्थ्य और मानव सेवा विभाग ने गुरुवार को बड़ा एलान किया है कि, एजेंसी एक बड़ी पुनर्गठन योजना के तहत 10,000 लोगों की छंटनी करेगा।
क्या करता है यह विभाग?
अमेरिकी स्वास्थ्य और मानव सेवा विभाग का काम संक्रामक बीमारियों की निगरानी, खाने-पीने की चीजों और अस्पतालों की जांच करना है। इसके अलावा, यह विभाग स्वास्थ्य बीमा से जुड़े कार्यक्रमों की देखरेख करता है, जिससे अमेरिका की लगभग आधी आबादी को फायदा मिलता है।
कितने लोगों की जाएगी नौकरी?
विभाग की तरफ से कहा गया है कि उसकी कुल 82 हजार कर्मचारियों की संख्या घटाकर 62 हजार कर दी जाएगी। यानी, कुल 20 हजार पद खत्म किए जाएंगे। इनमें 10 हजार कर्मचारी सीधे तौर पर नौकरी से निकाले जाएंगे। बाकी 10 हजार कर्मचारी स्वेच्छा से रिटायर होंगे या सरकार की तरफ से दिए गए पैकेज लेकर पद छोड़ देंगे।
ट्रंप प्रशासन की भूमिका
यह छंटनी अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की नीति के तहत हो रही है, जिसमें स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति और नौकरी छोड़ने के लिए विशेष पैकेज दिए गए हैं
छंटनी का क्या होगा असर?
स्वास्थ्य क्षेत्र में इतनी बड़ी संख्या में नौकरियां खत्म होने से बीमारियों की निगरानी, अस्पतालों की जांच और स्वास्थ्य बीमा सेवाओं पर असर पड़ सकता है। हालांकि, सरकार ने कहा है कि यह बदलाव विभाग को अधिक प्रभावी और आधुनिक बनाने के लिए किया जा रहा है।