चीन में कोरोना से फिर हड़कंप, एप्पल फैक्ट्री में दीवारें फांदकर भाग रहे कर्मचारी

चीन में कोविड-19 पर काबू पाने के लिए शहरों में बार-बार लॉकडाउन लगाया गया है। लॉकडाउन की पाबंदियों से चीन के लोग इस कदर परेशान हैं कि वे इससे बचने के लिए अपनी जान भी जोखिम में डालने को तैयार हैं। ताजा मामला चीन में स्थित दुनिया की सबसे बड़ी एप्पल फैक्ट्री का है। मध्य चीनी शहर झेंग्झौ (Zhengzhou) में बनी iPhone फैक्ट्री में कोरोना लॉकडाउन और संक्रमण के डर से घबराए हुए श्रमिक पलायन कर रहे हैं। लॉकडाउन के चलते फैक्ट्री के अंदर न फंसे रह जाएं इस डर से लोग दीवारें फांद कर भाग रहे हैं। चीनी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, आने वाले महीनों में Apple के प्रमुख डिवाइस का उत्पादन धीमा हो सकता है।

फॉक्सकॉन टेक्नोलॉजी ग्रुप इस प्लांट चलाता है। इसने रविवार को अपने घर वापस जाने के इच्छुक श्रमिकों के लिए बसों की व्यवस्था करने का वादा किया था। लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो क्लिप में देखा जा सकता है कि लोग पैदल ही भाग रहे हैं। खबर ये है कि पाबंदियों से बचने के लिए इस फैक्ट्री के कर्मचारी दिवारें फांदकर भाग रहे हैं। सोशल मीडिया पर जारी वायरल वीडियो में देख सकते हैं कि एप्पल के कर्मचारी फैक्ट्री की बाउंड्रीबॉल और कटीली फेंसिंग फांदकर वहां से किसी भी तरह निकल रहे हैं। इस दौरान कई लोग घायल भी हुए हैं। वे घायल हालत में वहां से भाग रहे हैं।  

चीनी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया की सबसे बड़ी एप्पल फैक्ट्री में 2 लाख से अधिक कर्मचारी काम करते हैं। यह चीन के सेंट्रल हेनान प्रांत के Zhengzhou City में स्थित है। अन्य रिपोर्टों में कहा गया है कि फैक्ट्री के अंदर कुछ समय से हालात बिगड़ते जा रहे थे जिसके बाद लोग वहां से भागने को मजबूर हुए हैं। शहर में कोरोना संक्रमण के मामले सामने आने के बाद फैक्ट्री पर लॉकडाउन का साया मंडरा रहा है। 

चीन में लॉकडाउन को लेकर सख्त नियम हैं। मुट्ठी भर मामले होने पर भी शहर के शहर सील कर दिए जाते हैं। लोगों को बार बार कोविड टेस्ट कराना पड़ता है। अब लॉकडाउन की दहशत से एप्पल आईफोन बनाने वाली फैक्टरी में काम कर रहे कर्मचारी और मजदूर किसी भी तरह वहां भागकर अपने घर पहुंचना चाहते हैं। लोग 100 किलोमीटर से भी ज्यादा दूरी पैदल चलकर घर जा रहे हैं।

कंपनी के ताजा नोटिस के मुताबिक, फॉक्सकॉन ने कैंपस छोड़ने वाले कर्मचारियों के लिए सात पिकअप प्वाइंट बनाए हैं। हेनान के अन्य शहरों में स्थानीय अधिकारी भी लोगों को उनके घरों तक ले जाने के लिए बसों की व्यवस्था कर रहे हैं। एक स्थानीय आधिकारिक समाचार पत्र हेनान डेली ने आईफोन 14 सीरीज को असेंबल करने वाली फॉक्सकॉन युनिट के प्रभारी के हवाले से कहा है कि फैक्ट्री को कर्मचारियों की सख्त जरूरत है। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here