ईरान के पूर्व राष्ट्रपति अबोलहसन बनीसदर का शनिवार को पेरिस में 88 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके परिवार की तरफ से जारी बयान के मुताबिक अस्पताल में लंबी बीमारी के बाद उनका निधन हुआ है। बनीसदर ईरान में वर्ष 1979 में हुई इस्लामी क्रांति के बाद देश के पहले राष्ट्रपति बने थे। हालांकि देश के धर्मतंत्र बनने व मौलवियों की बढ़ती ताकत को चुनौती देने के कारण उन्हें महाभियोग का सामना करना पड़ा, जिसके बाद वह तेहरान छोड़कर चले गए थे।
माना जाता है कि बनीसदर कभी सरकार पर अपनी पकड़ नहीं बना पाए, जिसकी वजह से स्थिति उनके नियंत्रण से बाहर चली गई। नतीजतन अमेरिका दूतावास बंधक संकट और ईरान द्वारा इराक पर हमले जैसी घटनाएं हुई। जिसकी वजह से स्थिति भयावह हुई और अंतत: क्रांति हुई। वास्तविक शक्तियां ईरान के शीर्ष धार्मिक नेता अयातुल्ला रुहोल्ला खोमैनी के हाथों में ही रही और जिसके लिए बनीसदर ने फ्रांस से निर्वासन में रहते हुए काम किया और क्रांति के बीच तेहरान लौटे। हालांकि खोमैनी ने 16 महीनों के भीतर उन्हें पदच्युत कर दिया और उन्हें वापस पेरिस भेज दिया जहां पर वह दशकों तक रहें।