अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पद संभालने के बाद से ही अपने दुश्मनों के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार किए हुए हैं. इसके साथ ही वे कई बड़े और कड़े फैसले ले रहे हैं, जिनका असर पूरी दुनिया पर देखने को मिल रहा है. इस बीच ट्रंप ने शुक्रवार को एक भाषण में उन पर मुकदमा चलाने वालों को चेतावनी दी है. उन्होंने कसम खाई कि वे सभी को बेनकाब करके ही छोड़ेंगे. इसके अलावा उन्होंने जो बाइडेन को आड़े हाथों लिया.
ट्रंप ने अपने भाषण में कहा कि वे अपनी सरकार से सभी दुष्ट अभिनेताओं और भ्रष्ट अधिकारियों को बाहर निकाल फेंकेगे. सरकार से बाहर करने के साथ ही उनके कारनामे जनता के सामने भी लाएंगे ताकि उनकी हकीकत आम जनता को पता चल सके.
ट्रंप ने कहा कि हम अमेरिका में न्याय के तराजू को बहाल करेंगे, और हम यह सुनिश्चित करेंगे कि हमारे देश में इस तरह के दुर्व्यवहार फिर कभी न हों.
बाइडेन पर ट्रंप का निशाना
ट्रंप पहले भी कई बार जो बाइडेन के फैसलों को लेकर सवाल खड़े कर चुके हैं. एक बार फिर उन्होंने अफगानिस्तान मामले पर बाइडेन की कड़ी आलोचना की है. उन्होंने कहा कि 2021 में अफगानिस्तान से अमेरिका की हमारे देश के इतिहास में सबसे अपमानजनक थी.
ट्रंप ने इस निर्णय के पीछे के लोगों, जो बिडेन प्रशासन के अधिकारियों को जेल में डालने की बात कही. अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि जिन लोगों ने हमारे साथ ऐसा किया, उन्हें जेल जाना चाहिए. उन्हें जेल जाना ही होगा. ट्रंप के इस बयान के बाद माना जा रहा है कि कई अधिकारियों पर गाज गिर सकती है.
पुराने दिन अब खत्म-ट्रंप
अमेरिका में ऐसा एक दशक में पहली बार है जब किसी राष्ट्रपति ने न्याय विभाग का दौरा किया है. अपने भाषण में ट्रंप ने दावा किया कि बाइडेन प्रशासन ने उनके खिलाफ विभाग को हथियार बनाया था. ट्रंप ने कहा कि हमारे पूर्ववर्तियों ने इस न्याय विभाग को अन्याय विभाग में बदल दिया, लेकिन मैं आज आपके सामने यह घोषणा करने के लिए खड़ा हूं कि वे दिन खत्म हो गए हैं, और वे कभी वापस नहीं आने वाले हैं. राष्ट्रपति बनने के बाद ट्रंप ने कई केसों और अधिकारियों की छुट्टी कर दी है.