अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने परमाणु कार्यक्रम को लेकर बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने कहा है कि अगर ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को लेकर अमेरिका के साथ समझौता नहीं करता तो उस पर बमबारी की जाएगी। अपनी आक्रामक टैरिफ नीतियों के कारण लगातार चर्चा में बने हुए ट्रंप ने ईरान पर भी अतिरिक्त शुल्क लगाने की चेतावनी दी है। ट्रंप ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा, अमेरिकी और ईरानी अधिकारियों के बीच बातचीत हो रही है, लेकिन फिलहाल वे इस संबंध में विस्तार से नहीं बता सकते।
पहले कार्यकाल में भी अतिरिक्त शुल्क लगाया था
ट्रंप ने कहा, अगर ईरान अमेरिका के साथ समझौता नहीं करता तो बमबारी होगी। एक संभावना यह भी है कि अगर वे डील से इनकार करेंगे तो अमेरिका ईरान पर सेंकेडरी टैरिफ यानी अतिरिक्त शुल्क लगा देगा। ट्रंप ने यह भी बताया कि उन्होंने चार साल पहले भी ऐसा किया था।
अमेरिका ने पहले भी दी है सैन्य परिणाम भुगतने की चेतावनी, ईरान बेपरवाह
बता दें कि ट्रंप ने अपने पहले कार्यकाल (2017-2021) में ईरान की विवादित परमाणु गतिविधियों के कारण सख्त पाबंदियां लगाई थीं। उन्होंने 2015 में हुए ईरान और विश्व शक्तियों के समझौते से अमेरिका को अलग कर लिया था। ईरान पर कथित तौर पर यूरेनियम बढ़ाने का आरोप लगा था। ट्रंप ने ऐसा करने के कारण व्यापक प्रतिबंध लगाने का एलान किया था। ट्रंप पहले भी ईरान को समझौता न करने पर सैन्य परिणाम भुगतने की चेतावनी दे चुके हैं। गौरतलब है कि ईरान अब तक अमेरिकी चेतावनियों को नजरअंदाज करता रहा है।
ईरान को अमेरिकी राष्ट्रपति ने पत्र भेजा, ओमान के माध्यम से दिया जवाब
इससे पहले बीते गुरुवार को ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराक्ची के हवाले से एक बयान आया। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी- इरना के मुताबिक पश्चिम एशिया के एक अन्य देश ओमान के माध्यम से ट्रंप को पत्र का जवाब भेजा गया। अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस पत्र में ईरान से नए परमाणु समझौते पर सहमति देने की अपील की थी।
परमाणु कार्यक्रम पर अमेरिका और ईरान आमने-सामने
बता दें कि अमेरिका समेत कई पश्चिमी दुनिया के देश ईरान पर आरोप लगाते रहे हैं कि वह क्षमता से अधिक यूरेनियम संवर्धन कर रहा है। बड़े देशों का आरोप है कि ईरान परमाणु हथियार विकसित करने के गुप्त एजेंडे पर काम कर रहा है। यह परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम के लिए उचित नहीं है। इन आरोपों पर ईरान का कहना है कि उसका परमाणु कार्यक्रम पूर्णतः नागरिक ऊर्जा प्रयोजनों के लिए है।