टिहरी: प्रतापनगर ब्लॉक के ओण पट्टी क्षेत्र के देवल गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसमें एक युवक की मौत हो गई जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि किशोरी से मिलने पहुंचे दोनों युवकों को उसके परिजनों ने कमरे में बंद कर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा, जिससे यह हादसा हुआ।

जानकारी के अनुसार, देवल गांव निवासी धनपाल लाल के पुत्र केतन लाल (18) और उसका दोस्त दिवाकर डिमरी 7 जून की रात एक कॉल के बाद खोलगढ़ गांव पहुंचे थे। केतन के परिजनों का कहना है कि किशोरी ने खुद फोन कर उसे बुलाया था। जैसे ही दोनों वहां पहुंचे, कथित रूप से किशोरी के परिजनों ने उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया और उन पर हमला कर दिया।

हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में किशोरी के पिता ने केतन के परिजनों को फोन कर स्थिति की जानकारी दी और उसे ले जाने के लिए कहा। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो केतन गंभीर हालत में मिला। उसे तत्काल चौंड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं दिवाकर डिमरी का इलाज जिला अस्पताल बौराड़ी में जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

ग्रामीणों का विरोध और हंगामा

घटना के बाद अस्पताल परिसर में ग्रामीणों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। बताया जा रहा है कि मृतक अनुसूचित जाति से था, जबकि किशोरी सामान्य वर्ग से संबंधित है और दोनों के बीच पिछले लगभग छह महीने से परिचय था।

पुलिस कार्रवाई

पुलिस ने मामले में एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है और एक नामजद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच सीओ टिहरी को सौंपी गई है। अधिकारियों ने कहा है कि दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।