[ऑस्ट्रिया]। रूस की यात्रा पूरी करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब दूसरे यूरोपीय देश की यात्रा पर ऑस्ट्रिया पहुंच चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को ऑस्ट्रियाई चांसलर कार्ल नेहमर से मुलाकात की। इस दौरान पीएम मोदी और ऑस्ट्रियाई चांसलर कार्ल नेहमर ने वैश्विक संघर्षों (विशेष रूप से यूक्रेन में चल रहे युद्ध) को सुलझाने में 'वार्ता और कूटनीति' के महत्व पर जोर दिया।
भारत-ऑस्ट्रिया संयुक्त प्रेस वक्तव्य को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैंने पहले भी कहा है कि यह युद्ध का समय नहीं है। उनकी यह टिप्पणी वियना में संघीय चांसलरी में ऑस्ट्रियाई चांसलर कार्ल नेहमर के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद आई।
युद्ध में संवाद और कूटनीति पर हो जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'हम युद्ध के मैदान में समस्याओं का समाधान नहीं ढूंढ पाएंगे। चाहे वह कहीं भी हो, निर्दोष लोगों की हत्या अस्वीकार्य है। भारत और ऑस्ट्रिया संवाद और कूटनीति पर जोर देते हैं और इसके लिए हम किसी भी तरह की सहायता देने के लिए तैयार हैं।'