चंबा। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। सलूणी उपमंडल की ग्राम पंचायत लनोट के लनोट और फगड़ोग गांवों में मलबा और बारिश का पानी घरों में घुसने से कई परिवारों को नुकसान झेलना पड़ा है। वहीं, भूस्खलन के चलते चंबा–तीसा मुख्य मार्ग भी पूरी तरह बंद हो गया है, जिससे कई क्षेत्रों का संपर्क टूट गया है।
फगड़ोग गांव में तानी पुत्र कंठ और नारद पुत्र लछमण के घरों में भारी मात्रा में मलबा और पानी घुस गया, जिससे दोनों परिवार प्रभावित हुए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, नारद के मकान में दरारें भी आ गई हैं, जिससे संरचना को अधिक नुकसान पहुंचा है।
घटना की जानकारी मिलने पर ग्राम पंचायत लनोट के प्रधान देसराज मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में अचानक भारी मलबा आने से नुकसान हुआ है, जिसे बादल फटने जैसी स्थिति से भी जोड़ा जा रहा है। प्रशासन को इसकी सूचना दे दी गई है।
इधर, पंगोला नाला के पास भूस्खलन और पत्थर गिरने से चंबा–तीसा मार्ग अवरुद्ध हो गया है। मार्ग बंद होने के कारण 25 से अधिक पंचायतों की आवाजाही प्रभावित हुई है। तीसा, सनवाल, बैरागढ़, बौंदेड़ी, खजुआ, बिहाली, देवीकोठी, सेईकोठी और झज्जाकोठी सहित कई क्षेत्रों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है। सड़क के दोनों ओर वाहन फंसे हुए हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मुकेश रेपसवाल ने बताया कि लगातार बारिश के कारण जिले के कई हिस्सों में भूस्खलन और मलबा आने की घटनाएं सामने आई हैं। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोक निर्माण विभाग की टीमें सड़क बहाली के कार्य में जुटी हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें।