जालौन में तैनात भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी रिंकू सिंह राही को एसडीएम पद से हटाकर उरई सदर तहसील में एसडीएम (ज्वाइंट मजिस्ट्रेट) न्यायिक के पद पर स्थानांतरित कर दिया गया है। यह कार्रवाई प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
रिंकू सिंह राही अपनी जालौन तैनाती के शुरुआती दिनों से ही विवादों में घिरे रहे। पांच मई को पदभार संभालने के बाद से ही उनका विभिन्न वर्गों—शिक्षकों, अधिवक्ताओं और व्यापारियों—के साथ विवाद सामने आता रहा।
सबसे बड़ा विवाद 23 जून की शाम सामने आया, जब जालौन ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन ने आरोप लगाया कि कोल्ड स्टोरेज में निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और थप्पड़ मारने का प्रयास करते हुए धक्का दिया। इस घटना का वीडियो बाद में सार्वजनिक किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने जांच के आदेश दिए थे, जिसकी जिम्मेदारी एडीएम वित्त एवं राजस्व राजीव राज को सौंपी गई। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई है।
इससे पहले भी तहसील कर्मचारियों ने 10 दिन पूर्व डीएम को शिकायत दी थी कि एसडीएम का व्यवहार अभद्र रहा है। स्कूल निरीक्षण के दौरान शिक्षकों को लेकर की गई टिप्पणियां भी चर्चा में रहीं। वहीं व्यापारियों और आम लोगों का आरोप था कि सड़क पर वाहन खड़ा दिखने पर भी उन्हें फटकार का सामना करना पड़ता था।
ब्लॉक प्रमुख ने 26 जून को वीडियो साक्ष्य के साथ पुनः शिकायत दर्ज कराई थी। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और प्रशासन ने आगे की कार्रवाई जांच निष्कर्षों के आधार पर तय करने की बात कही है।