उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दी हैं, लेकिन इस मौके पर उन्होंने तंज भरा संदेश भी साझा किया। राजभर ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए न सिर्फ बधाई दी, बल्कि अखिलेश यादव को उनकी जीवनशैली और राजनीतिक कार्यशैली को लेकर सलाह भी दे डाली।

अपने संदेश में उन्होंने लिखा कि अखिलेश यादव को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं और उनके उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु की कामना करता हूं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि काफी सोचने के बाद भी उन्हें उपहार में देने के लिए कुछ विशेष नजर नहीं आया, क्योंकि अखिलेश यादव बड़े राजनीतिक परिवार से आते हैं और पूर्व मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं।

राजभर ने आगे लिखा कि उनकी ओर से जन्मदिन का असली उपहार एक सलाह है, जिसे अखिलेश यादव को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्हें आरामतलबी और आलस्य की राजनीति से बाहर निकलकर सक्रिय रूप से जनता के बीच जाना चाहिए। राजभर ने सलाह दी कि ‘एसी और पीसी’ की राजनीति से दूर होकर गांव-देहात, खेत-खलिहान और आम लोगों के बीच पहुंचकर जमीनी हकीकत को समझना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि सिर्फ सोशल मीडिया या वीडियो के जरिए ग्रामीण जीवन को समझना पर्याप्त नहीं है, बल्कि खेतों में जाकर मेहनत और किसानों की समस्याओं को सीधे महसूस करना चाहिए। उनके अनुसार शुरुआत में यह कठिन जरूर हो सकता है, लेकिन धीरे-धीरे इससे राजनीति की असली समझ विकसित होती है।

राजभर ने अपने संदेश में यह भी कहा कि जमीन से जुड़ने का कोई आसान रास्ता नहीं होता और इसके लिए लगातार प्रयास जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि वे खुद भी कठिन परिस्थितियों में गांव-गांव जाकर लोगों से मिलते हैं।

गौरतलब है कि ओम प्रकाश राजभर और अखिलेश यादव के बीच लंबे समय से राजनीतिक मतभेद चलते रहे हैं। हालांकि 2022 के विधानसभा चुनाव में दोनों दलों ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा था, लेकिन बाद में यह गठबंधन टूट गया और राजभर योगी सरकार में शामिल होकर कैबिनेट मंत्री बन गए।