गुजरात के भरूच शहर में एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहां एक शॉपिंग मॉल की निर्माणाधीन दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। यह घटना अली मतरिया तालाब इलाके में स्थित ‘वर्ल्ड ट्रेड सेंटर’ मॉल परिसर में हुई, जिसके बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई।
दीवार गिरने से भारी मलबा पास के एक मकान पर आ गिरा, जिसके भीतर मौजूद एक ही परिवार के पिता और पुत्र उसकी चपेट में आ गए। दोनों को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। मलबे से दो महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
फिलहाल हादसे के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर निर्माण कार्य में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।