हल्द्वानी। उत्तराखंड में मानसून के सक्रिय होते ही पहाड़ से लेकर मैदानी इलाकों तक बारिश का दौर तेज हो गया है। मंगलवार को मानसून की दस्तक के बाद बुधवार को भी राज्यभर में मौसम पूरी तरह खराब बना हुआ है। देहरादून और हल्द्वानी समेत कई जिलों में लगातार बारिश दर्ज की जा रही है, जबकि कुछ स्थानों पर बादलों ने डेरा डाल रखा है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार हल्द्वानी में मंगलवार की तुलना में अधिकतम तापमान में करीब चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जो घटकर 26 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं पिछले 24 घंटे में यहां लगभग 70 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।
राज्य के अलग-अलग इलाकों में बारिश का असर
हल्द्वानी और देहरादून में रुक-रुककर बारिश जारी है। चंपावत में बुधवार सुबह से लगातार बारिश हो रही है, जबकि अल्मोड़ा में रातभर रुक-रुककर वर्षा के बाद सुबह आसमान बादलों से घिरा रहा। प्रशासन ने मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए कई स्थानों पर पहली से बारहवीं कक्षा तक के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है।
कोटद्वार में भी मध्य रात्रि के बाद से बारिश का सिलसिला जारी है। नई टिहरी और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से घने बादल छाए हुए हैं। चमोली में मौसम खराब बना हुआ है, हालांकि बदरीनाथ हाईवे फिलहाल सुचारू बताया गया है।
हरिद्वार में सुबह से हल्की बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट आई है और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। वहीं रुड़की में भी अलसुबह से रुक-रुककर बारिश जारी है, जिससे मौसम सुहावना हो गया है।
6 जुलाई तक बारिश की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र ने अनुमान जताया है कि राज्य में 6 जुलाई तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। लगातार वर्षा से जहां गर्मी से राहत मिली है, वहीं कुछ क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की भी जरूरत है।