कनाडा आम चुनाव के लिए मतदान पूरा होने के बाद मतगणना शुरू हो गई है। शुरुआती रुझानों में पीएम मार्क कार्नी की लिबरल पार्टी जीत की ओर बढ़ रही है। रुझानों में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कनाडा के अमेरिका में विलय की धमकियों और टैरिफ वार का असर साफ नजर आ रहा है। 

कनाडाई ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन के मुताबिक लिबरल पार्टी के संसद की 343 सीटों में से कंजरवेटिव्स से ज्यादा सीटें जीतने की उम्मीद है।  यह स्पष्ट नहीं है कि यह लिबरल बहुमत वाली सरकार होगी या कोई अन्य अल्पमत वाली सरकार। नए अनुमानों के अनुसार लिबरल ने 23 सीटें जीती हैं और 85 अन्य पर आगे चल रहे हैं। इस बीच, पियरे पोलीवरे की कंजर्वेटिव ने 11 सीटें जीती हैं और 81 अन्य पर आगे चल रहे हैं। यवेस-फ्रांकोइस ब्लैंचेट के नेतृत्व वाली ब्लॉक क्यूबेकॉइस भी 16 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि जगमीत सिंह की NDP तीन सीटों पर आगे चल रही है।

इससे पहले जब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कनाडा की अर्थव्यवस्था पर हमला करना शुरू किया था तो लिबरल्स हार रहे थे। ट्रंप के कार्यों ने कनाडाई लोगों को क्रोधित कर दिया और राष्ट्रवाद में उछाल ला दिया। इसके बाद लिबरल्स की चुनावी कहानी को पलट गई और पार्टी सत्ता में लगातार चौथी बार जीतने की ओर है। 

विपक्षी कंजर्वेटिव पार्टी के नेता पियरे पोलीव्रे को उम्मीद थी कि यह चुनाव पूर्व प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के लिए एक जनमत संग्रह होगा। ट्रूडो की लोकप्रियता उनके एक दशक के कार्यकाल के अंत में खाद्यान्न और आवास की कीमतों में वृद्धि के कारण घट गई थी। ट्रंप ने हमला किया, ट्रूडो ने इस्तीफा दे दिया और दो बार केंद्रीय बैंकर रहे कार्नी लिबरल पार्टी के नेता और प्रधानमंत्री बन गए।