उत्तरी सागर में ईस्ट यॉर्कशायर के तट से करीब 10 मील दूर एक तेल टैंकर और मालवाहक जहाज के टक्कर हो गई. कई लोग हताहत हुए हैं. 32 लोगों को ग्रिम्सबी में तट पर लाया गया. टक्कर इतनी भीषण थी कि तेल टैंकर के साथ ही मालवाहक जहाज आग का गोला बन गया. हादसे की जानकारी मिलते ही लाइफबोट और तटरक्षक हेलीकॉप्टर को रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया. बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, बंदरगाह के प्रमुख ने बताया कि उत्तरी सागर में तेल टैंकर और मालवाहक जहाज के बीच टक्कर हुई है.

शिपिंग कंपनी ने बीबीसी को बताया कि टैंकर, स्टेना इमैक्युलेट पर सवार सभी चालक दल सुरक्षित हैं. इस हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है. इसमें टैंकर से घना धुआं निकलता देखा जा सकता है. माना जा रहा है कि ये टक्कर लंगर डालते समय हुई है. रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है.

बीते दिनों यमन और जिबूती के बीच हुआ था बड़ा हादसा

हाल के दिनों में समुद्र में हुआ ये दूसरा बड़ा हादसा है. बीते दिनों यमन और जिबूती के बीच प्रवासियों को ले जा रहीं चार नाव डूब गई थीं. इस हादसे में 180 से ज्यादा लोग लापता हो गए. हादसे की पुष्टि करते संयुक्त राष्ट्र के अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (IOM) ने इसे दुनिया के सबसे खतरनाक प्रवासी रास्तों में से एक बताया था.

ये रास्ता मुख्य रूप से इथियोपिया के प्रवासियों द्वारा खाड़ी देशों में काम की तलाश या संघर्ष से बचने के लिए उपयोग किया जाता है.IOM ने बताया था कि ये हादसा गुरुवार रात हुआ. ये रास्ता पहले भी घातक साबित हो चुका है. साल 2024 में इस रास्ते से यमन में 60,000 से अधिक प्रवासी पहुंचे थे, जबकि इस दौरान 558 लोगों की मौत हो चुकी थी.