बैंकॉक में शुक्रवार को आए भूकंप के कारण गिरी 33 मंजिला इमारत में अवैध रूप से प्रवेश करने पर पुलिस ने चार चीनी नागरिकों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, ये चारों युवक इमारत से कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज चुराने की कोशिश कर रहे थे। उनके पास से कुल 32 संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए गए हैं। फिलहाल, पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

बैंकॉक में आए भूकंप के झटकों से एक निर्माणाधीन ऊंची इमारत देखते ही देखते ढह गई। यह 33 मंजिला इमारत थाईलैंड के राज्य लेखा परीक्षा कार्यालय (एसएओ) से संबंधित थी। इस इमारत के निर्माण का कार्य एक चीन समर्थित कंपनी द्वारा किया जा रहा था, जिसके खिलाफ अब जांच शुरू कर दी गई है। बैंकॉक के गवर्नर ने इस क्षेत्र को आपदा प्रभावित घोषित कर दिया है और बिना अनुमति किसी को भी वहां प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई है।

मेट्रोपॉलिटन पुलिस ब्यूरो के डिप्टी कमिश्नर, पुलिस मेजर जनरल नोपासिन पूलस्वात ने बताया कि भूकंप से ढही इमारत के पिछले हिस्से से 32 फाइलें अवैध रूप से हटाने के आरोप में चार चीनी नागरिकों को हिरासत में लिया गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग साइट से दस्तावेज ले जा रहे हैं, जिसके बाद घटनास्थल पर एक संदिग्ध चीनी नागरिक पकड़ा गया। पूछताछ में उसने खुद को निर्माण परियोजना का प्रबंधक बताया और उसका वर्क परमिट भी वैध पाया गया।

इसके बाद पुलिस ने अन्य तीन चीनी नागरिकों को भी पकड़ा और उनके पास से दस्तावेज बरामद किए। इन तीनों ने बताया कि वे इटालियन-थाई डेवलपमेंट पीएलसी (आईटीडी) के तहत एक ठेकेदार के लिए काम कर रहे थे और बीमा दावे के लिए जरूरी कागजात लेने आए थे। पूछताछ पूरी होने के बाद उन्हें अस्थायी रूप से रिहा कर दिया गया, लेकिन बाद में उनके खिलाफ निर्माण स्थल में अवैध रूप से प्रवेश करने और इमारत से ब्लूप्रिंट सहित अन्य दस्तावेज निकालने के आरोप में शिकायत दर्ज की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि चारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

चीन से जुड़ा है इमारत का कनेक्शन

यह 33 मंजिला इमारत थाईलैंड के राज्य लेखा परीक्षा कार्यालय (एसएओ) की थी, जिसका निर्माण पिछले तीन वर्षों से किया जा रहा था। इस परियोजना की अनुमानित लागत दो अरब से अधिक बहत (लगभग 45 मिलियन पाउंड) थी।

सूत्रों के अनुसार, एसएओ भवन के निर्माण के लिए इटालियन-थाई डेवलपमेंट पीएलसी (आईटीडी) और चाइना रेलवे नंबर 10 (थाईलैंड) लिमिटेड के बीच अनुबंध हुआ था। चाइना रेलवे नंबर 10 (थाईलैंड) चीन के एक प्रमुख इंजीनियरिंग ग्रुप की सहायक कंपनी है और इस परियोजना में उसकी 49% हिस्सेदारी थी।