अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को नए एयर फोर्स वन विमान को सार्वजनिक रूप से पेश किया। यह वही विमान है जो पहले कतर के स्वामित्व में था और अब इसे विशेष रूप से अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक उपयोग के लिए अपग्रेड किया गया है।

नए डिजाइन में बदला गया लुक

नए एयर फोर्स वन का बाहरी स्वरूप पारंपरिक हल्के नीले रंग की डिजाइन से अलग रखा गया है। इसके निचले हिस्से को नेवी ब्लू रंग में तैयार किया गया है, जिसके ऊपर लाल रंग की पट्टी दी गई है। विमान पर एक तरफ राष्ट्रपति का आधिकारिक प्रतीक चिन्ह लगाया गया है, जबकि पीछे बड़े आकार में अमेरिकी ध्वज अंकित है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, इस विमान को आधुनिक सुरक्षा तकनीकों से लैस किया गया है, जिसमें इंफ्रारेड गाइडेंस को चकमा देने वाली डिफेंस प्रणाली भी शामिल बताई जा रही है। इसके अलावा नए एरोडायनामिक पंखों के कारण इसकी गति लगभग 1050 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की क्षमता रखती है।

सुरक्षा और अपग्रेड पर भारी खर्च

अमेरिकी वायुसेना के अनुमान के मुताबिक, इस विमान को राष्ट्रपति के सुरक्षा मानकों के अनुरूप तैयार करने में लगभग 400 मिलियन डॉलर (करीब 3000 करोड़ रुपये से अधिक) का खर्च आने की संभावना है। इसमें एडवांस इलेक्ट्रॉनिक काउंटरमेजर (ECM) सिस्टम भी शामिल है, जो दुश्मन के रडार और मिसाइल सिस्टम को जाम या भ्रमित करने में सक्षम बताया जा रहा है।

लग्जरी सुविधाओं से लैस विमान

इस नए एयर फोर्स वन को राष्ट्रपति की जरूरतों के हिसाब से अत्याधुनिक सुविधाओं से तैयार किया गया है। इसमें हाई-टेक डाइनिंग और किचन एरिया शामिल है, जिसकी क्षमता बड़े पैमाने पर लोगों को भोजन उपलब्ध कराने की बताई जाती है।

इसके अलावा विमान में राष्ट्रपति के लिए विशेष सुइट तैयार किया गया है, जिसमें निजी ड्रेसिंग रूम, वॉशरूम और जिम जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

ट्रंप का बयान

एंड्रयूज एयर फोर्स बेस पर विमान के प्रदर्शन के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने इसकी डिजाइन और तकनीक की तारीफ की। उन्होंने कहा कि इसे देखकर लोग हैरान रह जाएंगे। इस मौके पर विमान के अनावरण के दौरान देशभक्ति गीत ‘God Bless the USA’ भी बजाया गया।

बताया जा रहा है कि यह विमान फिलहाल अस्थायी रूप से उपयोग में लाया जा रहा है, जब तक बोइंग कंपनी राष्ट्रपति के लिए नए एयर फोर्स वन विमान तैयार नहीं कर देती, जिसकी डिलीवरी 2028 तक संभावित है।

ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया है कि राष्ट्रपति पद छोड़ने के बाद वह इस विमान का निजी उपयोग नहीं करेंगे और इसे भविष्य की राष्ट्रपति लाइब्रेरी को दान कर दिया जाएगा।