आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले के वेतलापलेम गांव में एक पटाखा यूनिट में हुए धमाके में अब तक 10 लोगों के हताहत होने की खबर है। पुलिस और बचाव दल मौके पर राहत कार्य में जुटे हुए हैं और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
राज्य की गृह मंत्री वंगालपुडी अनीता ने बताया कि हादसे में सात लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई गंभीर रूप से घायल कर्मचारियों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस हादसे पर मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने दुख जताते हुए अधिकारियों को पीड़ितों को हर संभव मदद मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। अपने आधिकारिक एक्स (X) हैंडल पर उन्होंने लिखा कि यह खबर बेहद परेशान करने वाली है और उन्होंने घटना स्थल पर वरिष्ठ अधिकारियों और मंत्रियों को भेजकर राहत कार्य की निगरानी करने को कहा है।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, धमाके के समय फैक्टरी में लगभग 20 कर्मचारी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने हादसे की गंभीरता को देखते हुए पूरी राहत और बचाव प्रक्रिया पर राज्य सरकार की नजर बनाए रखने का आश्वासन दिया है।